पाटन । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पाटन ब्लॉक अंतर्गत अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया (कुरूद डीह) में शनिवार को एक सार्वजनिक कुएं से दो शव मिलने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची अमलेश्वर पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने मौके पर तत्काल कार्रवाई शुरू की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों शव कपड़ों में लिपटे हुए थे। पहले शव को बाहर निकालकर जब कपड़ा खोला गया तो वह एक मासूम बच्चे का शव निकला, जिसकी उम्र करीब 4 से 6 साल के बीच मानी जा रही है। दूसरा शव अभी कुएं में ही है और उसे निकालने का प्रयास जारी है। प्रारंभिक जांच में मृत व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है और लिंग की पुष्टि भी शव बाहर निकलने के बाद ही हो सकेगी।
हत्या या आत्महत्या? अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं–
अमलेश्वर पुलिस का कहना है कि “मामला बेहद संवेदनशील है। अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह हत्या है या आत्महत्या। शवों की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविकता सामने आएगी।” प्राथमिक तौर पर स्थानीय ग्रामीणों में हत्या की आशंका जताई जा रही है क्योंकि शवों को कपड़े में लपेटकर कुएं में फेंका गया था।
गांव में दहशत का माहौल–
एक साथ दो शव मिलने की खबर से गांव में डर और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों की मानें तो पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में अजनबी लोगों की आवाजाही बढ़ी थी, जिसे लेकर पहले भी चर्चा थी। फिलहाल पुलिस ने गांव में पूछताछ और निगरानी बढ़ा दी है।
मामले की गहराई से जांच–
अमलेश्वर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर कोण से जांच की जा रही है, आस-पास के गांवों और गुमशुदगी की रिपोर्टों से शवों की शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है। एसडीआरएफ की टीम भी पूरी मुस्तैदी से बचाव कार्य में लगी हुई है।
यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है— क्या यह सुनियोजित हत्या है? क्या बच्चे के साथ किसी महिला को भी मारकर छिपाया गया?— इन सभी सवालों के जवाब आने वाले कुछ घंटों में जांच के बाद मिल सकते हैं।
पुलिस प्रशासन ने जनता से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।