
39 लाख से अधिक आवेदनों का निराकरण, 95.9% सफलता दर के साथ बढ़ा जनता का भरोसा
ग्राम पंचायत स्तर तक डिजिटल सेवाओं का विस्तार, 16,700 से अधिक सेवा केंद्रों से मिल रही सुविधाएं
रायपुर, 27 जून 2026। छत्तीसगढ़ में सुशासन और डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार का “सेवा सेतु” पोर्टल एक महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने नागरिकों तक सरकारी सेवाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का विस्तार किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया विजन के अनुरूप विकसित यह पोर्टल अब 36 विभागों की 520 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध करा रहा है।
पहले ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से केवल 86 सेवाएं उपलब्ध थीं, लेकिन अब सेवा सेतु के जरिए नागरिक अपने मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर से घर बैठे विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इससे सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम हुई है और आवेदन से लेकर सेवा प्राप्ति तक की पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनी है।
सेवा सेतु पोर्टल पर व्यवसाय, उद्योग, लाइसेंस, सामाजिक कल्याण, पेंशन, छात्रवृत्ति, भूमि एवं राजस्व, जाति-आय-निवास प्रमाण पत्र, विवाह प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, व्यापार लाइसेंस, जन शिकायत, रोजगार, कृषि, स्वास्थ्य सहित 520 से अधिक सेवाएं उपलब्ध हैं। इससे नागरिकों का समय, श्रम और धन तीनों की बचत हो रही है।
राज्य सरकार ने सेवा सेतु की पहुंच गांव-गांव तक सुनिश्चित करने के लिए पंचायत सचिवों, सेवा केंद्र संचालकों और विभागीय कर्मचारियों को प्रशिक्षण देना शुरू किया है। ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से ग्रामीण नागरिकों को भी डिजिटल सेवाओं का समान लाभ मिल रहा है।
सेवा सेतु की उपलब्धियां इसकी सफलता की कहानी बयां करती हैं। पोर्टल पर अब तक 39 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें 95.9 प्रतिशत आवेदनों का सफल निराकरण किया गया है। प्रदेशभर में 16,700 से अधिक सेवा केंद्र नागरिकों को सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं।
राज्य सरकार का मानना है कि सेवा सेतु केवल एक ऑनलाइन पोर्टल नहीं, बल्कि “जनता के द्वार-डिजिटल सरकार” की अवधारणा को साकार करने वाला प्रभावी माध्यम है। इसका उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक बिना किसी अनावश्यक परेशानी के समयबद्ध और पारदर्शी शासकीय सेवाएं पहुंचाना है। डिजिटल सुशासन की दिशा में सेवा सेतु छत्तीसगढ़ की एक महत्वपूर्ण और सफल पहल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है।