राष्ट्रीय स्तर पर दुर्ग का गौरव: CCRT के डिजिटल डिस्ट्रिक्ट रिपॉजिटरी सम्मान से सम्मानित हुए शिक्षक टिकेश्वर प्रसाद गजपाल

राष्ट्रीय स्तर पर दुर्ग का गौरव: CCRT के डिजिटल डिस्ट्रिक्ट रिपॉजिटरी सम्मान से सम्मानित हुए शिक्षक टिकेश्वर प्रसाद गजपाल

केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया सम्मानित, छत्तीसगढ़ से चयनित तीनों शिक्षक दुर्ग जिले के

जामगांव आर । संस्कृति मंत्रालय की इकाई Centre for Cultural Resources and Training (CCRT), नई दिल्ली में आपातकाल के 50 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमों के समापन समारोह एवं डिजिटल डिस्ट्रिक्ट रिपॉजिटरी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत थे। इस अवसर पर आपातकाल में गिरफ्तार रहे वरिष्ठ पत्रकार एवं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के अध्यक्ष श्री राम बहादुर राय सहित संस्कृति मंत्रालय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। भारत की स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “आजादी का अमृत महोत्सव” के अंतर्गत CCRT द्वारा देशभर में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े व्यक्तियों, ऐतिहासिक घटनाओं, स्थलों एवं जनस्मृतियों के दस्तावेजीकरण का विशेष अभियान चलाया गया। इस परियोजना में देशभर के चयनित 25 शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।

इसी कड़ी में पाटन ब्लॉक के शासकीय हाई स्कूल आगेसरा (मर्ज शाला), दुर्ग के शिक्षक टिकेश्वर प्रसाद गजपाल को ऐतिहासिक जानकारियों, लोककथाओं एवं स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े दस्तावेजों का संकलन कर राष्ट्रीय अभिलेखागार को समृद्ध बनाने के लिए नई दिल्ली स्थित CCRT परिसर में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।
यह दुर्ग जिले के लिए विशेष गर्व का विषय है कि पूरे छत्तीसगढ़ से चयनित तीनों शिक्षक दुर्ग जिले के ही हैं। यह उपलब्धि जिले की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करती है। सम्मान प्राप्त करने के बाद टिकेश्वर प्रसाद गजपाल ने कहा कि उनके विचार में यह सम्मान वास्तव में उन स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों को समर्पित है, जिनके अविस्मरणीय बलिदान और योगदान के कारण भारत को आजादी प्राप्त हुई। समारोह में संस्कृति मंत्रालय के सचिव श्री विवेक अग्रवाल, CCRT के अध्यक्ष डॉ. विनोद नारायण इंदुरकर, संयुक्त सचिव श्री समर नंदा, श्री कमलेश कुमार मिश्र, संस्कृति मंत्रालय के निदेशक श्री राजीव कुमार तथा CCRT के निदेशक श्री पप्पूंजय कुमार की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *