जामगांव आर। ग्राम देवताओं के जयघोष और शुभ मुहूर्त में ज्योति प्रज्वलन के साथ गुरुवार से बासंती नवरात्रि का पावन पर्व आरंभ हो गया। इसके साथ ही गांव-गांव में श्रद्धालुओं ने पूजा-पाठ, व्रत-उपवास और देवी आराधना की शुरुआत कर दी है। देवी मंदिरों में मनोकामना ज्योति प्रज्वलित की जा रही है, वहीं अनेक घरों में जंवारा स्थापित कर भक्ति का माहौल बना हुआ है। दक्षिण पाटन के बेल्हारी गांव में इस बार विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्राम प्रमुख मंजुलाल भारती ने बताया कि स्थानीय शीतला मंदिर में करीब तीन दशक बाद जोत-जंवारा की स्थापना पूरे विधि-विधान और भक्ति भाव से की गई है। यहां श्रद्धालुओं द्वारा 40 मनोकामना ज्योति, चंडी मंदिर में 26 तथा शक्ति मंदिर में 6 ज्योतियां प्रज्वलित की गई हैं। इसके अलावा एक परिवार द्वारा निजी स्तर पर जंवारा महोत्सव का आयोजन भी किया गया है।
इसी तरह खारून तट पर बसे ग्राम किकिऱमेटा में भी चैत्र नवरात्रि की विशेष रौनक देखने को मिल रही है। प्राचीन महामाया मंदिर और कमलेश्वरी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिरों में सुबह-शाम पूजा-अर्चना और आरती के साथ भजन मंडलियों द्वारा जसगीत और भजनों की मधुर प्रस्तुतियां दी जा रही हैं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। नवरात्रि के इस पावन अवसर पर क्षेत्रभर में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।