जामगांव आर । खारून तट स्थित ओम्कारेश्वर शिव मंदिर के पास आयोजित संगीतमय सप्त दिवसीय श्री शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ कथा सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को शिव-पार्वती विवाह प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण एवं भक्तिमय वर्णन किया गया। कथा व्यास पं. ज्ञानेश पाण्डेय (काल भैरव दरबार मंदिर गुरु, बगदई) ने शिव-पार्वती विवाह की दिव्य कथा का रसपान कराते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति और श्रद्धा के महत्व से अवगत कराया। कथा के दौरान भगवान शिव की बारात, माता पार्वती की तपस्या, हिमवान-मेना के भाव तथा देवताओं के उल्लासपूर्ण प्रसंगों का जीवंत चित्रण किया गया। विवाह प्रसंग के वर्णन से पूरा पंडाल शिवमय हो गया और श्रद्धालु भक्ति भाव में झूम उठे। महिलाओं ने मंगल गीत गाए तथा उपस्थित भक्तों ने “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
कथा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण हेतु पहुंच रहे हैं। आयोजन 08 फरवरी से 14 फरवरी 2026 तक चल रहा है। कार्यक्रम का आयोजन शिव सेवक समिति एवं समस्त ग्रामवासी किकिरमेटा (बेल्हारी) के सहयोग से किया जा रहा है।