पाटन। छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष तथा छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित रजत जयंती समारोह में जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने CSPDCL के अधिकारी-कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उनके सेवा भाव, समर्पण और योगदान की मुक्तकंठ से सराहना की। अपने भावनात्मक एवं प्रेरणादायी उद्बोधन में श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि CSPDCL केवल एक संस्था नहीं, बल्कि कर्मयोगियों का ऐसा परिवार है, जो हर परिस्थिति में छत्तीसगढ़ को रोशन रखने का दायित्व निभाता है। उन्होंने कहा कि जब पूरा समाज विश्राम करता है, तब CSPDCL के कर्मचारी आँधी, बारिश और अंधेरी रातों में भी जनता की सेवा में जुटे रहते हैं—यही उनकी सबसे बड़ी पहचान और शक्ति है।
उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास की रगों में जो ऊर्जा प्रवाहित हो रही है, उसमें CSPDCL के प्रत्येक कर्मचारी का परिश्रम, त्याग और निष्ठा समाहित है। कर्मचारियों के परिवारों के धैर्य, सहयोग और त्याग को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि यह सेवा केवल कर्मचारियों की नहीं, बल्कि उनके परिवारों की भी सामूहिक तपस्या है।श्रीमती नायक ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में हरित ऊर्जा, तकनीकी नवाचार और उपभोक्ता संतुष्टि के क्षेत्र में CSPDCL नई उपलब्धियाँ हासिल करेगा और छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करेगा।कार्यक्रम के अंत में उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य एवं CSPDCL के 25 स्वर्णिम वर्षों की शुभकामनाएं देते हुए कहा—“हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि रोशनी का यह विश्वास कभी बुझने न पाए और छत्तीसगढ़ का हर घर उजाले से भरा रहे।”
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत दुर्ग की सभापति श्रीमती नीलम राजेश चंद्राकर ने की। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत पाटन के उपाध्यक्ष श्री कमलेश वर्मा एवं श्रीमती कुसुमलता राकेश आडील उपस्थित रहीं। विशेष अतिथि के तौर पर सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश चंद्राकर एवं श्री राजा पाठक शामिल हुए। कार्यक्रम में CSPDCL के कार्यपालन अभियंता श्री बी.पी. दीपक, सहायक अभियंता श्री कमलेश साहू, श्री अग्रसेन डहरिया, श्री धर्मेंद्र देवांगन, कनिष्ठ अभियंता श्री राजेश साहू, श्री लोचन ध्रुव, सुश्री स्वाति गौतम सहित पाटन क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।