
रायपुर, 12 जून 2026। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। हेल्पलाइन के शुभारंभ के कुछ ही दिनों में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं।
कोरबा शहर के पंपहाउस क्षेत्र निवासी रामकुमार साहू ने अपने इलाके में लंबे समय से चल रही बिजली वोल्टेज अप-डाउन की समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने शाम करीब 4 बजे मोबाइल के माध्यम से अपनी समस्या बताई।
शिकायत मिलते ही विद्युत विभाग ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर टीम भेजी। जांच में 100 केवीए क्षमता वाले डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर के न्यूट्रल में खराबी पाई गई, जिसे तत्काल ठीक कर दिया गया। शिकायत दर्ज होने के लगभग एक घंटे के भीतर शाम 5 बजकर 09 मिनट पर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था सामान्य हो गई।
त्वरित कार्रवाई से संतुष्ट रामकुमार साहू ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से अब आम लोगों की आवाज सीधे शासन तक पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि उनकी शिकायत को गंभीरता से सुना गया और संबंधित विभाग ने तुरंत कार्रवाई कर समस्या का समाधान किया। उन्होंने प्रदेशवासियों से भी अपील की कि वे अपनी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए सीएम हेल्पलाइन 1076 का अधिक से अधिक उपयोग करें। साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए इस व्यवस्था को शुरू करने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।