नागपंचमी पर कुम्हलेश्वर महादेव का विशेष श्रृंगार, दक्षिण पाटन के ग्राम कुम्हली में दर्शन के लिए उमड़ रहे शिवभक्त

नागपंचमी पर कुम्हलेश्वर महादेव का विशेष श्रृंगार, दक्षिण पाटन के ग्राम कुम्हली में दर्शन के लिए उमड़ रहे शिवभक्त

जामगांव आर। अंचल के ग्राम कुम्हली में स्थित प्रसिद्ध कुम्हलेश्वर महादेव मंदिर में श्रावण मास के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। स्वयंभू शिवलिंग के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए सुबह से ही शिवभक्तों की भीड़ देखी जा रही है। मंदिर परिसर में पूरे श्रावण मास भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा प्रतिदिन भगवान भोलेनाथ का अभिषेक एवं विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया जा रहा है। श्रावण मास के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के पावन अवसर पर कुम्हलेश्वर महादेव का विशेष श्रृंगार किया गया। विशेष पूजा-अर्चना के साथ नाग देवता का भी विधि-विधान से पूजन किया गया।

मंदिर प्रबंधन समिति के तेजेंद्र पिपरिया ने बताया कि नागपंचमी के अवसर पर भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार कर पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर जलार्पण किया और भगवान कुम्हलेश्वर महादेव से सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। श्रावण मास में मंदिर में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए पूरे परिसर में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *