दुर्ग। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर यातायात पुलिस दुर्ग ने डोंगरगढ़ दर्शन के लिए जाने वाले पदयात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए हैं। पदयात्रियों के रुकने व सहायता के लिए मार्ग में 8 अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र बनाए गए हैं। यहां पीने के पानी, रुकने की व्यवस्था और आवश्यक जानकारी देने के लिए पीए सिस्टम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जिन स्थानों पर सर्विस रोड नहीं है वहां स्टॉपर और बांस-बल्ली से अलग मार्ग तैयार किया गया है। साथ ही पदयात्रियों के बैग व पीठ पर रेडियम स्टिकर लगाए जा रहे हैं ताकि रात में वाहन चालकों को वे आसानी से दिखाई दें और दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।
यातायात पुलिस ने मार्ग में रूट चार्ट और फ्लेक्स भी लगाए हैं जिनमें बाएं चलने के निर्देश दिए गए हैं। जिन स्थानों पर रोशनी की कमी है वहां संबंधित विभाग के माध्यम से सुधार कार्य करवाया जा रहा है। इसके अलावा यातायात नियमों और हेलमेट की उपयोगिता संबंधी फ्लेक्स भी लगाए गए हैं।
नवरात्रि के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए नेशनल हाईवे पर वाहनों की गति नियंत्रित करने हेतु ड्रम और स्टॉपर से जिक-जेग बनाया गया है। सुरक्षा प्रबंधन के तहत यातायात पुलिस ने 4 हाईवे पेट्रोलिंग और 4 नवरात्रि पेट्रोलिंग टीमें तैनात की हैं, जो कुम्हारी से अंजोरा बाईपास तक 24 घंटे लगातार निगरानी कर रही हैं और पदयात्रियों को बाएं चलने की हिदायत दे रही हैं। पदयात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर वे पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479192099 और 9479192029 पर संपर्क कर सकते हैं।