जामगांव आर। विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर एवं स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाने के उद्देश्य से शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर में कौशल उद्यमिता विकास कार्यक्रम “स्वावलंबन” के अंतर्गत एक सप्ताह का निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल के मार्गदर्शन में कौशल, प्लेसमेंट एवं करियर गाइडेंस समिति के संयोजन से आर से टी–ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान दुर्ग एवं बैंक ऑफ बड़ौदा के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष नरेश केला ने की। उन्होंने सफल व्यवसाय स्थापित करने के आवश्यक गुणों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक सफल उद्यमी न केवल रोजगार सृजन करता है, बल्कि देश की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ज्ञातव्य हो कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क है, जिसके अंतर्गत आर से टी द्वारा 64 विधाओं में प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। प्रथम बैच में विद्यार्थियों को मोमबत्ती, अगरबत्ती, फिनायल, हर्बल साबुन एवं हॉर्पिक निर्माण का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण आरसी टी की डीएसटी सरोज साहू द्वारा प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने कहा कि यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों के भविष्य के व्यवसाय की मजबूत नींव है, जिससे वे आगे चलकर सफल उद्यमी बन सकते हैं। आर से टी के डायरेक्टर श्री गुलशन सिंह ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी रुचियों एवं भावी योजनाओं को जाना तथा बताया कि आर से टी किस प्रकार ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उद्यम प्रारंभ करने से लेकर उसके विस्तार तक सहयोग प्रदान कर रही है। मुख्य अतिथि नरेश केला ने इंडस्ट्रियल लेक्चर के माध्यम से अपनी राइस मिल की स्थापना से लेकर उसकी सफलता की प्रेरक यात्रा साझा की। कार्यक्रम के दौरान विकसित भारत ड्राइंग प्रतियोगिता में प्रथम गीतांजलि साहू (बीएससी अंतिम), द्वितीय दिव्या यदु (बीकॉम) एवं तृतीय शालिनी ठाकुर (बीकॉम) को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना पर आयोजित छत्तीसगढ़ी वेशभूषा प्रतियोगिता के विजेताओं को भी विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आर से टी फैकल्टी अमित कुमार द्वारा आयोजित आई-कंसंट्रेशन गेम से हुई, जिसने विद्यार्थियों को प्रेरित किया। संपूर्ण कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन स्किल एवं प्लेसमेंट प्रभारी चेतना सोनी द्वारा किया गया।