पेपर लीक पर सख्त एक्शन ! माशिमं का बड़ा फैसला—अब वन टाइम लॉक और GPS निगरानी में होंगी 10 अप्रैल की परीक्षाएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने 12वीं हिंदी प्रश्न पत्र लीक मामले के बाद परीक्षा प्रणाली में बड़ा बदलाव करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक और सख्त बना दिया है। रायपुर में 5 अप्रैल 2026 को मंडल ने घोषणा की कि अब सभी प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के लिए “वन टाइम लॉक सिस्टम” लागू किया जाएगा। इस विशेष लॉक की खासियत यह है कि इसे एक बार खोलने के बाद दोबारा बंद नहीं किया जा सकता, जिससे किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या पेपर लीक की संभावना लगभग खत्म हो जाएगी। इसके साथ ही, अब गोपनीय परीक्षा सामग्री को GPS युक्त विशेष कंटेनरों में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। इन कंटेनरों की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी, जिससे परिवहन के दौरान किसी भी संदिग्ध हरकत की तुरंत जानकारी मिल सके।


मंडल ने समन्वय केंद्रों पर भी सख्ती बढ़ाते हुए स्ट्रांग रूम को वन टाइम लॉक से सील करने और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी अनिवार्य कर दी है। यह रिकॉर्डिंग संबंधित अधिकारियों को सौंपी जाएगी, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
जिला शिक्षा अधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी गई है कि वे हर परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि 14 मार्च को आयोजित 12वीं हिंदी परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र लीक हो गया था, जो कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस घटना के बाद मंडल ने परीक्षा को निरस्त कर दिया था। अब यह परीक्षा 10 अप्रैल को नए सुरक्षा सिस्टम के तहत दोबारा आयोजित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *