रायपुर। छत्तीसगढ़ की साय सरकार ने शराब पीकर स्कूल जाने वाले शिक्षकों पर बड़ा कदम उठाने का निर्णय लिया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अब ऐसे शिक्षकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि “एक ओर सरकार शिक्षकों के वेतन और सुविधाओं में बढ़ोतरी कर रही है, वहीं अनुशासन बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है।” उन्होंने साफ कहा कि जो शिक्षक शराब के नशे में स्कूल पहुंचते हैं और पढ़ाई के बजाय मटरगस्ती करते हैं, उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी और जांच उपरांत बर्खास्तगी भी होगी।
मंत्री यादव ने यह भी स्पष्ट किया कि बच्चों की शिक्षा और उनके भविष्य से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेशभर से मिल रही शिकायतों के आधार पर यह सख्त कदम उठाया जा रहा है। शराबी शिक्षकों का व्यवहार न केवल बच्चों की पढ़ाई पर असर डालता है बल्कि उन पर गलत प्रभाव भी छोड़ता है।सरकार का यह निर्णय शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।