शिक्षा विभाग में संलग्नीकरण पर फिर सख्ती: JD-DEO से दोबारा मांगी रिपोर्ट, आदेशों के पालन पर सवाल

शिक्षा विभाग में संलग्नीकरण पर फिर सख्ती: JD-DEO से दोबारा मांगी रिपोर्ट, आदेशों के पालन पर सवाल

DPI ने शिक्षकों-कर्मचारियों को मूल पदस्थापना पर भेजने के दिए निर्देश, बार-बार रिमाइंडर से विभागीय कार्यप्रणाली पर उठे प्रश्न

रायपुर, 27 जून। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षकों और कर्मचारियों के संलग्नीकरण (अटैचमेंट) को समाप्त करने के निर्देशों के बावजूद कई जिलों में आदेशों का पालन नहीं होने पर एक बार फिर सख्ती दिखाई गई है। लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने सभी संभागीय संयुक्त संचालकों (JD) और जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) से संलग्न कर्मचारियों एवं शिक्षकों की अद्यतन जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं। DPI द्वारा 25 जून को जारी पत्र में कहा गया है कि स्कूल शिक्षा मंत्री की 23 जून को हुई समीक्षा बैठक के निर्देशों के अनुपालन में सभी संलग्न शिक्षकों और कर्मचारियों को उनके मूल पदस्थापना स्थल पर कार्यमुक्त किया जाए। इसके साथ ही अधिकारियों से निर्धारित प्रारूप में संलग्न कर्मचारी का नाम, पद, कार्यमुक्ति का स्थान तथा आदेश क्रमांक एवं तिथि की जानकारी मांगी गई है।

गौरतलब है कि विभाग ने पिछले वर्ष भी गैर-शैक्षिक कार्यों में शिक्षकों के संलग्नीकरण को समाप्त करने के आदेश जारी किए थे, लेकिन कई जिलों में अब भी संलग्नीकरण जारी रहने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में विभाग को दोबारा निर्देश जारी करने पड़े हैं। इस पूरे मामले ने विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि पहले जारी आदेशों का पालन नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई हुई और बार-बार रिमाइंडर जारी करने की नौबत क्यों आ रही है, यह बड़ा प्रश्न बना हुआ है।

वहीं शिक्षकों का कहना है कि एक ओर विभाग संलग्नीकरण समाप्त करने की बात करता है, तो दूसरी ओर विशेष अनुमति या प्रशासनिक आवश्यकता के नाम पर नए संलग्नीकरण भी किए जाते हैं। इससे पारदर्शिता और समानता पर सवाल उठ रहे हैं।अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि इस बार जारी निर्देशों का वास्तविक पालन होता है या फिर आने वाले समय में इसी विषय पर विभाग को एक और रिमाइंडर जारी करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *