शहीद डोमेश्वर साहू महाविद्यालय जामगांव आर में रंगोली, पोस्टर और ‘नमो नुक्कड़’ से विद्यार्थियों ने दिखाई विकसित भारत की तस्वीर

विकसित भारत के संकल्प के साथ सामाजिक सरोकारों को विद्यार्थियों ने रंगोली और ‘नमो नुक्कड़’ से किया प्रस्तुत

जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव आर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में ‘विकसित भारत की ओर बढ़ते कदम’ विषय पर रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोली, पोस्टर और ‘नमो नुक्कड़’ के माध्यम से देश के विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। रंगोली के माध्यम से विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत @ 2047’ की संकल्पना को साकार करते हुए सौर ऊर्जा, किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत अभियान, डिजिटल इंडिया, UPI और आवास जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को दर्शाया। रंगोली में प्राकृतिक हरी पत्तियों एवं फूलों का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। इस गतिविधि में NSS स्वयंसेवकों सहित विभिन्न विषयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

वहीं, ‘स्वच्छता की जिम्मेदारी’ विषय पर पोस्टर और ‘नमो नुक्कड़’ के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशामुक्ति, दहेज प्रथा के उन्मूलन तथा घरेलू हिंसा की रोकथाम जैसे सामाजिक मुद्दों को उठाया। प्रस्तुतियों के जरिए उन्होंने संदेश दिया कि स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और सामाजिक कुरीतियों से मुक्ति के बिना विकसित समाज की कल्पना अधूरी है। स्वच्छ, समानतापूर्ण एवं जागरूक समाज का निर्माण ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को मजबूती प्रदान कर सकता है। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने विद्यार्थियों के रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी चेतना सोनी ने किया। महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उनके प्रयासों की प्रशंसा की। सभी विषयों के विद्यार्थियों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *