जामगांव आर महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता और एड्स निवारण कार्यक्रम आयोजित

जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव आर में 9 अक्टूबर को इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता एवं एड्स निवारण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व, मतदाता प्रक्रिया और सामाजिक स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में ELC के नोडल अधिकारी ऐश्वर्य सिंह ठाकुर ने क्लब के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए छात्र-छात्राओं को लोकतंत्र में प्रत्येक मत की महत्ता समझाई। उन्होंने जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. अरुणेंद्र तिवारी ने मतदान प्रक्रिया में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका, बूथ एजेंट के दायित्व तथा मतदान से संबंधित विभिन्न कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस दौरान छात्र-छात्राओं को मतदाता शपथ भी दिलाई गई।कार्यक्रम के अगले चरण में रेडक्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में एड्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। रेडक्रॉस के नोडल अधिकारी डॉ. संतोष कुमार पांडे, आरएचओ श्री के. एम. तिवारी एवं यू. मधुकर भनसुली स्वास्थ्य केंद्र के सहयोग से विद्यार्थियों को एड्स के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। साथ ही नशे से होने वाले दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने और नशा न करने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक श्रीमती नीता कुंभारे ने की। इस अवसर पर वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक आर.के. तिवारी, मुकेश कठोतिया, मनोज यादव, डॉ. लता मार्कंडेय, प्रियम वैष्णव, मनीष साहू एवं मेजरराम जोशी सहित महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। महाविद्यालय में आयोजित इस संयुक्त पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार बनने और सामाजिक जागरूकता में सहभागी बनने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *