जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर में सत्र 2025-26 के अंतर्गत विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से एक सराहनीय प्रयास किया गया। महाविद्यालय की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक समिति द्वारा सभी छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न साहित्यिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने निर्धारित थीम के आधार पर उत्साहपूर्वक सहभागिता की। आयोजित प्रतियोगिताओं में रंगोली, मेहंदी, पोस्टर, क्विज, निबंध, स्लोगन, पुष्प सज्जा एवं छत्तीसगढ़ी व्यंजन प्रतियोगिता प्रमुख रूप से शामिल रहीं। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी कला और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ और भारत की संस्कृति को दर्शाते हुए आकर्षक रंगोलियां बनाई, वहीं “बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट” के अंतर्गत पुराने व अनुपयोगी सामान से अयोध्या का राम मंदिर, पुरानी कोल्ड ड्रिंक बोतलों से गुलदस्ता, भारत का नक्शा एवं चिड़िया की वॉल हैंगिंग जैसी आकर्षक कलाकृतियां तैयार की गईं। छत्तीसगढ़ी व्यंजन प्रतियोगिता में ठेठरी-खुरमी, चावल चीला, रखिया बड़ी जैसे पारंपरिक व्यंजनों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी पाक कला का परिचय दिया। पोस्टर प्रतियोगिता में स्वामी विवेकानंद, भगत सिंह, महात्मा गांधी सहित देश एवं छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति को दर्शाया गया। मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपने हाथों पर सुंदर व आकर्षक डिज़ाइन उकेरे। निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभाव और भविष्य पर विचार व्यक्त किए, वहीं मतदाता जागरूकता से जुड़े स्लोगन व संदेशों के माध्यम से लोकतंत्र की रक्षा का संदेश दिया गया। रंगोली प्रतियोगिता में ऑपरेशन सिंदूर, किसान की लहराती फसल, अल्पना रंगोली, भारत की संस्कृति एवं पुष्प रंगोली जैसे विषयों पर आकर्षक प्रस्तुतियां देखने को मिलीं।
प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट कला प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन साहित्यिक समिति प्रभारी श्रीमती चेतना सोनी द्वारा महाविद्यालय के सभी अधिकारी-कर्मचारियों के सहयोग से किया गया।
प्रतियोगिता परिणाम इस प्रकार रहे—
रंगोली प्रतियोगिता: प्रथम चंचल, द्वितीय सोनाली एवं तनुजा, तृतीय श्रुति एवं सोमलता।मेहंदी प्रतियोगिता: प्रथम भुनेश्वरी साहू, द्वितीय सविता, तृतीय चंचल। क्विज प्रतियोगिता: प्रथम चंचल, द्वितीय सत रूपा बांधे, तृतीय रश्मि यादव।
छत्तीसगढ़ी व्यंजन प्रतियोगिता: प्रथम लक्ष्मी साहू, द्वितीय तेजस्वी, तृतीय संगीत एवं देविका बंजारे। सभी विजेताओं को आगामी वार्षिकोत्सव में प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों का सहयोग सराहनीय रहा।