आर्मी ट्रेन पर आत्मघाती हमला: जाफर एक्सप्रेस में भीषण ब्लास्ट, 26 जवानों की मौत…

आर्मी ट्रेन पर आत्मघाती हमला: जाफर एक्सप्रेस में भीषण ब्लास्ट, 26 जवानों की मौत…

YC न्यूज़ डेस्क । पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा एक बार फिर बड़े आतंकी हमले से दहल उठी। चमन फाटक के पास सेना के जवानों को लेकर जा रही जाफर एक्सप्रेस पर आत्मघाती बम हमला किया गया। भीषण विस्फोट में अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 70 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत नाजुक होने से मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हमला उस वक्त हुआ, जब जाफर एक्सप्रेस क्वेटा कैंट क्षेत्र से गुजर रही थी। ट्रेन में बड़ी संख्या में सैन्यकर्मी सफर कर रहे थे। इसी दौरान रेलवे ट्रैक के पास जोरदार धमाका हुआ, जिसने ट्रेन के कई डिब्बों को अपनी चपेट में ले लिया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि एक बोगी पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि इंजन समेत तीन डिब्बे पटरी से उतर गए और दो डिब्बे पलट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। चारों तरफ धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। धमाके का असर आसपास के इलाकों तक महसूस किया गया। रेलवे ट्रैक के किनारे खड़ी करीब 10 गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा, वहीं नजदीकी इमारतों के शीशे और खिड़कियां टूट गईं। घटना के तुरंत बाद पुलिस, सेना और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। डॉक्टरों के अनुसार कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

प्रारंभिक जांच में इस हमले को सुनियोजित आतंकी साजिश माना जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन के गुजरने के समय धमाका कर अधिकतम नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। धमाके की चपेट में पास से गुजर रही एक मालगाड़ी भी आ गई, जिसके कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए। बलूचिस्तान सरकार के अधिकारी बाबर यूसुफजई ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से मामले की जांच कर रही हैं। फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को सक्रिय आतंकी संगठनों पर शक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *