जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव आर-भरर में शनिवार को महिलाओं पर बढ़ते उत्पीड़न, घरेलू हिंसा तथा कार्यस्थल पर होने वाले दुर्व्यवहार को रोकने और छात्राओं में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ऑनलाइन वर्कशॉप “सुरक्षा” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने की।वर्कशॉप का मुख्य लक्ष्य छात्राओं में ओपन कम्युनिकेशन, कानूनी सहायता, मानसिक-स्वास्थ्य परामर्श तथा विभिन्न प्रकार के उत्पीड़न की रोकथाम को लेकर व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करना था।
इस अवसर पर विषय विशेषज्ञ, काउंसलर व रिसर्च स्कॉलर डॉ. निशा गोस्वामी ने छात्राओं को मानसिक, शारीरिक, साइबर और सामाजिक उत्पीड़न के विभिन्न रूपों को समझाया। उन्होंने अभिव्यक्ति ऐप, काउंसलिंग की प्रक्रिया और स्वास्थ्य-संबंधी सहायता तंत्र की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही बताया कि कानून जेंडर-न्यूट्रल है, इसलिए किसी भी प्रकार का गैरकानूनी कृत्य करना उत्पीड़न की श्रेणी में आता है। दुष्यंत कुमार की पंक्तियों—“आज यह दीवार परदों की तरह हिलने लगी, शर्त यह थी कि बुनियाद हिलनी चाहिए”—का उल्लेख कर उन्होंने छात्राओं को अन्याय के खिलाफ मुखर होने का संदेश दिया। कानूनी विशेषज्ञ कु स्वेक्षा शर्मा, एडवोकेट ने महिलाओं के संवैधानिक अधिकार, POSH अधिनियम, कार्यस्थलों हेतु विशाखा गाइडलाइन, रिपोर्टिंग प्रक्रिया, दंड प्रावधान और शिकायत दर्ज कराने के सुरक्षित विकल्पों की जानकारी दी। छात्राओं ने हाइब्रिड मोड में शामिल होकर संबंधित प्रश्न पूछे और अपनी जिज्ञासा का समाधान प्राप्त किया। प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने छात्राओं से कहा कि वे किसी भी अपमान या हिंसा को सहन न करें और आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखें।
भूगोल विभागाध्यक्ष नीता कुम्हारे ने कहा कि सुरक्षित व सम्मानजनक जीवन के लिए अपने अधिकारों की जानकारी अनिवार्य है। कार्यक्रम का प्रभावी संयोजन विमेन सेल और राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी चेतना सोनी ने टीम के साथ किया। उन्होंने छात्राओं को ऑनलाइन शिकायत प्रणाली और शी-बॉक्स जैसे सुरक्षित प्लेटफॉर्म की जानकारी भी दी। सभी विशेषज्ञों का धन्यवाद आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. अरुणेंद्र तिवारी ने “नारी सर्वत्र पूज्यंते” के साथ किया। कार्यक्रम की तकनीकी व्यवस्था में मेज राम जोशी, श्री प्रियम वैष्णव सहित अनेक शिक्षकों का योगदान रहा। आयोजन में एनएस एस की छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। वर्कशॉप से जुड़े सभी प्रतिभागियों को ई-प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।