
पांच एल्डरमैन ने ली शपथ, नगर विकास और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का लिया संकल्प
कुम्हारी, 9 जुलाई 2026। नगर पालिका परिषद कुम्हारी में शासन द्वारा मनोनीत एल्डरमैनों के शपथ ग्रहण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद कुम्हारी की अध्यक्ष मीना वर्मा ने की। इस अवसर पर नगर पालिका अधिकारी नेतराम चंद्राकर, उपाध्यक्ष प्रमोद राजपूत, जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समारोह में शासन द्वारा मनोनीत पांच एल्डरमैन गोल्डी गोस्वामी, प्रणव श्रीवास्तव, सुनीता कुर्रे, अवधेश शुक्ला और मनहरण साहू को विधिवत शपथ दिलाई गई। सभी नवमनोनीत एल्डरमैनों ने जनहित, पारदर्शिता और नगर विकास के प्रति समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
नगर पालिका अध्यक्ष मीना वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मनोनीत एल्डरमैन नगर परिषद की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी एल्डरमैन विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए कुम्हारी के समग्र विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे। मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने नवमनोनीत एल्डरमैनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पद सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी लेकर आता है। उन्होंने कहा कि शपथ लेना सरल है, लेकिन उसके अनुरूप ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करना ही जनप्रतिनिधि की वास्तविक परीक्षा है।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संदेश है कि निरंतर मेहनत और निष्ठा से कार्य करने वालों को अवसर अवश्य मिलता है। उन्होंने कहा कि संगठन और समाज के प्रति समर्पण के कारण ही शासन ने सभी एल्डरमैनों को यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने भी भिलाई-3 और चरोदा क्षेत्र से जनसेवा की शुरुआत की थी और आज दुर्ग लोकसभा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। कार्यक्रम में राकेश पाण्डेय, योगेश साहू, धर्मेंद्र सिन्हा (मंडल अध्यक्ष), राजू निषाद (सांसद प्रतिनिधि, नगर पालिका कुम्हारी), मिथिलेश यादव, सुजीत यादव (सांसद प्रतिनिधि), तृप्ति चंद्राकर (महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष), फिंगू साहू, रामकुमार सोनी, रामाधार शर्मा, जुली सिंह तथा गीता निर्मलकार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।