पाटन। नगर पंचायत पाटन के आर्यावर्त हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा 13 सितम्बर को स्वामी आत्मानंद ऑडिटोरियम में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने गुरुओं के प्रति गहरी कृतज्ञता और सम्मान व्यक्त किया। समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. एम.एल. वर्मा (प्रोफेसर, शंकरा महाविद्यालय भिलाई) एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश भाजपा मंत्री जितेन्द्र वर्मा, नगर पंचायत पाटन अध्यक्ष निक्की योगेश भाले, नवसृजन बहुआयामी शिक्षण एवं कल्याण संस्थान अध्यक्ष दिलीप साहू, उपाध्यक्ष निशा सोनी, मंडल अध्यक्ष रानी केशव बंछोर, पार्षद केवल देवांगन एवं मिलन देवांगन उपस्थित रहे।
गुरु का असली सम्मान शिष्य की सफलता – डॉ. वर्मा
अपने प्रेरणादायी संबोधन में डॉ. एम.एल. वर्मा ने कहा – “ज्ञान अर्जित करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। गुरु का असली सम्मान तभी है जब शिष्य जीवन में उचित मुकाम हासिल कर समाज में अपनी पहचान बनाए।”
शिक्षा से ही सशक्त होगा राष्ट्र – जितेन्द्र वर्मा
प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। “आज की पीढ़ी देश का भविष्य है और अनुशासन, परिश्रम तथा मूल्यनिष्ठ शिक्षा से ही भारत सशक्त बन सकता है।”
कार्यक्रम का स्वागत भाषण दिलीप साहू ने दिया। मंच संचालन एन.एल. सेन, छात्रा तनुजा साहू एवं वीना वर्मा ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।