पाटन। पाटन क्षेत्र के सेजस घुघुवा(क) में “विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति” (एसएमडीसी) के तत्वाधान में शिक्षक दिवस 2025 के अवसर पर भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कीर्ति नायक अध्यक्ष जनपद पंचायत पाटन, विशेष अतिथि कमलेश वर्मा उपाध्यक्ष जनपद पंचायत पाटन उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रणव शर्मा सभापति जनपद पंचायत पाटन ने की।
समारोह की शुरुआत अतिथियों व शिक्षकों के फूलमाला, बैंडबाजे और तिलक-आरती से स्वागत के साथ हुई। मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात अतिथियों द्वारा समस्त शिक्षकों का श्रीफल व प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के सम्मान में भाषण, नृत्य व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के अनुरोध पर शिक्षकों ने सामूहिक रूप से केक काटा और खेलों में भाग लिया, जिससे कार्यक्रम और भी उत्साहपूर्ण बन गया।
समारोह में पालक समिति अध्यक्ष प्रशांत शर्मा ने विद्यालय के विकास हेतु डोम शेड एवं कक्षा 10वीं के बाद वाणिज्य संकाय (अंग्रेजी माध्यम) की मांग रखी, जिस पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया।कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मोहित शर्मा ने किया।
इस अवसर पर एसएमडीसी अध्यक्ष थानेश्वर साहू, पालक समिति अध्यक्ष प्रशांत शर्मा, एसएमसी अध्यक्ष ओगीराम साहू, सरपंच श्रीमती शैलेंद्री साहू, एसएमडीसी सदस्यगण, विभिन्न सरपंचों, प्राचार्य के.के. पहरी, एचएम सुषमा परगनिया, एचएम कुर्रे, शिक्षक-शिक्षिकाओं, पालकों व ग्रामवासियों ने बड़ी संख्या में उपस्थिति दर्ज कराई।