2 करोड़ से बदलेगा रिसाली दशहरा मैदान का स्वरूप, विधायक ललित चंद्राकर ने किया भूमिपूजन, बोले -रिसाली के विकास के लिए पैसों की कमी नहीं होने देंगे, मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी

रिसाली। रिसाली के हृदय स्थल माने जाने वाले दशहरा मैदान के कायाकल्प की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया और विकास कार्यों की आधारशिला रखी। प्रस्तावित विकास कार्यों के तहत दशहरा मैदान में हाईमास्क लाइट, आधुनिक स्ट्रीट लाइट, 100 फीट ऊंचा फ्लैग मास्ट, कबड्डी मैदान, बैडमिंटन कोर्ट, ओपन जिम और भव्य प्रवेश द्वार सहित विभिन्न सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद मैदान को अधिक सुव्यवस्थित स्वरूप मिलने के साथ युवाओं को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि रिसाली दशहरा मैदान केवल एक मैदान नहीं, बल्कि रिसाली की पहचान और यहां की धड़कन है। यहां वर्षभर खेल प्रतियोगिताओं के साथ दशहरा-दिवाली जैसे सांस्कृतिक आयोजन और विभिन्न सामाजिक गतिविधियां होती हैं। वर्षों से मैदान के विकास की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रिसाली के विकास के लिए पैसों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। कुछ दिनों पहले रिसाली के 40 वार्डों में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है और कार्य प्रारंभ हो चुके हैं। लोगों को सड़क, नाली, बिजली, पानी, आवास, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

विधायक ने कहा कि विकास कार्यों के साथ युवाओं को खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना भी जरूरी है। दशहरा मैदान के विकसित होने से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच मिलेगा। कार्यक्रम में रिसाली मंडल अध्यक्ष अनुपम साहू, मरोदा-पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू जंघेल, महामंत्री पुनाराम कलिहारी, दशरथ साहू, गुड्डू झा, नेता प्रतिपक्ष शैलेन्द्र साहू, ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष विक्की सोनी, समाजसेवी सोनू राम सिंह, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मनोज साहू सहित पार्षदगण, महिला मोर्चा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा नगर निगम रिसाली के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *