‘सर्वजन सुखाय, बहुजन हिताय’ का बजट है 2026–27 — योगेश निक्की भाले

पाटन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में प्रस्तुत किए गए केंद्रीय बजट 2026–27 का नगर पंचायत पाटन के अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने स्वागत और अभिनंदन किया है। उन्होंने इस बजट को “सर्वजन सुखाय, बहुजन हिताय” की भावना से प्रेरित बताते हुए कहा कि यह समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया समावेशी और विकासोन्मुख बजट है।
नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने कहा कि इस बजट में किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग, युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक और उद्यमियों की अपेक्षाओं को प्राथमिकता दी गई है। महात्मा गांधी ग्राम स्वराज अभियान की शुरुआत से खादी, हैंडीक्राफ्ट और हैंडलूम को बढ़ावा मिलेगा। इससे बुनकरों, ग्राम उद्योगों, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना और ग्रामीण युवाओं को सीधा लाभ होगा। ग्लोबल मार्केट लिंकेज और ब्रांडिंग से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

बजट की प्रमुख घोषणाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम) 2.0 के शुभारंभ, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट विनिर्माण योजना के लिए परिव्यय बढ़ाकर 40 हजार करोड़ रुपये करने, राष्ट्रीय फाइबर योजना, लघु एवं मध्यम उद्यमों को सशक्त बनाने, सूक्ष्म उद्यमों को सहायता, कार्बन कैप्चर उपयोग और संग्रहण (सीसीयूएस) के लिए पांच वर्षों में 20 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन कौशल योजना, दिव्यांगजन सहारा योजना, ग्रामीण महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों के लिए SHE-मार्ट, बहुभाषीय एआई टूल, 500 जलाशयों और अमृत सरोवरों के एकीकृत विकास, सेवा क्षेत्र में भारत को वैश्विक नेतृत्व दिलाने की दिशा में किए गए प्रावधान बजट को दूरदर्शी बनाते हैं। इसके साथ ही तेंदूपत्ता उद्योग से जुड़े लोगों के लिए टीसीएस की दर 5 प्रतिशत से घटाकर 2 प्रतिशत किया जाना राहत भरा कदम है।

योगेश निक्की भाले ने बताया कि बजट में भारत को मेडिकल टूरिज्म हब बनाने, राज्यों को पांच रीजनल हब स्थापित करने में सहायता, 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत राज्यों को 41 प्रतिशत हिस्सेदारी बनाए रखने और वित्त वर्ष 2026–27 के लिए राज्यों को 14 लाख करोड़ रुपये के आवंटन जैसे फैसले किए गए हैं। साथ ही सरकारी खरीद प्रणाली GeM को TREDS से जोड़कर एमएसएमई को सात लाख करोड़ रुपये से अधिक की फंडिंग का मार्ग प्रशस्त किया गया है। नगर पंचायत पाटन के अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को लगातार नौवीं बार बजट प्रस्तुत कर इतिहास रचने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह बजट “विकसित भारत 2047” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत आधार सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *