गातापार में शिव महापुराण कथा का पार्थिव शिवलिंग पूजन, महाआरती और महाभंडारे के साथ समापन,पं सौरभ ने कहा-सरलता ही शिवत्व है

जामगांव आर। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर ग्राम गातापार में युवा शक्ति दुर्गोत्सव समिति द्वारा आयोजित शिव महापुराण कथा का शनिवार को भव्य समापन हुआ। अंतिम दिवस की कथा में पं. सौरभ शर्मा (बाबूजी महाराज) ने श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा का वर्णन किया,उन्होंने उगना महादेव की कथा सुनाते हुए कहा कि जैसे भगवान शिव ने विद्यापति को प्रत्यक्ष दर्शन दिए थे, वैसे ही आज भी वे सरल हृदय वाले भक्तों को दर्शन देते हैं। उन्होंने बताया कि सरलता ही शिवत्व है और शिव की भक्ति सरलता के साथ करनी चाहिए। कथा के दौरान शिवजी के अभिषेक की महत्ता, अमरनाथ नामकरण की कथा, शमी पत्र और बेलपत्र के महत्व पर प्रकाश डाला गया। पं. शर्मा ने कहा कि भगवान शिव को अवघड़ दानी कहा जाता है क्योंकि उन्होंने सदैव अपने भक्तों को बिना भेदभाव आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने यह भी बताया कि मात्र मंदिर जाकर भगवान शिव की चौखट पर प्रणाम करने से मनुष्य के दुख-दर्द दूर हो जाते हैं।

समापन अवसर पर श्रद्धालुओं द्वारा पार्थिव शिवलिंग पूजा, हवन एवं सवा लाख बत्तियों से महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती के उपरांत पं शर्मा व्यासपीठ से ग्रामवासियों को बेलपत्र का वृक्ष और रुद्राक्ष का वितरण किया। इसके बाद महाभंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर ग्राम गातापार के सरपंच रेवाराम साहू,पूर्व जिपंस जयंती साहू, भाजपा नेता लालेश्वर साहू,लखन साहू, ज्ञानेश्वरी देवांगन (ABFO), रमाकांत साहू (सरपंच आगेसरा), टेसराम साहू, डॉ. देवानंद साहू, बी.आर. साहू,गजेंद्र साहू,आकाश दुबे, कुलेश्वर साहू, धर्मेंद्र साहू, देवेंद्र साहू, ओमप्रकाश साहू सहित अनेक श्रद्धालु और वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *