“सेल्फी लोगे क्या”… CM की सादगी ने जीता दिल, बरगद की छांव में लगी चौपाल, ग्रामीणों से सीधे संवाद

“सेल्फी लोगे क्या”… CM की सादगी ने जीता दिल, बरगद की छांव में लगी चौपाल, ग्रामीणों से सीधे संवाद

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार-2026 के तहत महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड स्थित ग्राम कमरौद में बरगद के पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, सरकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया और कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। चौपाल शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय बातचीत करते हुए कहा कि सरकार गांव-गांव पहुंचकर यह सुनिश्चित कर रही है कि राशन, बिजली, प्रधानमंत्री आवास, महतारी वंदन योजना समेत अन्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सही तरीके से पहुंच रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाकर समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है। उन्होंने कहा कि अब तक वे प्रदेश के 16 जिलों का दौरा कर सीधे जनता से संवाद कर चुके हैं।
चौपाल का सबसे खास पल तब आया, जब मुख्यमंत्री ने पांचवीं कक्षा के छात्र पूर्वांश साहू से मुस्कुराते हुए पूछा — “सेल्फी लोगे क्या?” मुख्यमंत्री के इस सहज अंदाज ने वहां मौजूद लोगों का दिल जीत लिया और छात्र ने उत्साह के साथ उनके साथ सेल्फी ली। यह दृश्य पूरे कार्यक्रम का आकर्षण बन गया। महिलाओं ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना की राशि नियमित रूप से मिल रही है। ग्राम की देव कुमारी साहू ने कहा कि वह इस राशि को अपनी बेटी के भविष्य के लिए बचा रही हैं। वहीं बिहान योजना से जुड़ी परी साहू ने बताया कि स्व-सहायता समूह से जुड़कर वे आत्मनिर्भर बनी हैं और अब फैंसी व किराना दुकान संचालित कर रही हैं। उन्होंने खुद को “लखपति दीदी” बनने का श्रेय योजना को दिया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली बिल समाधान योजना और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, जबकि अतिरिक्त 10 लाख आवासों का निर्माण भी शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर लगभग 6000 अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं और जल्द ही ऑनलाइन शिकायत समाधान व्यवस्था भी शुरू की जाएगी।

किसानों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और नैनो यूरिया के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने सिरपुर बैराज और सिकासेर-कोडार परियोजना को महासमुंद जिले के लिए “जीवनदायिनी” बताते हुए कहा कि किसानों की आय बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ग्रामीणों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री ने पानी की समस्या से जूझ रही मधु साहू के लिए सोलर आधारित बोर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के हितग्राही मोहन कुलदीप ने बताया कि सोलर पैनल लगवाने के बाद उनका बिजली बिल शून्य हो गया है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांग हितग्राहियों को सहायक उपकरण भी वितरित किए। भारती मारकण्डेय को व्हीलचेयर तथा रवि कुमार पटेल और यादराम साहू को ट्रायसिकल प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने ग्राम कमरौद में मातृशक्ति के लिए सर्वसुविधायुक्त भवन, कमरौद से चरोदा तक लगभग चार किलोमीटर सड़क निर्माण तथा मुक्ति धाम निर्माण की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री की घोषणाओं से ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *