राशन कार्डधारियों को बड़ी राहत, सरकार बांटेगी तीन माह का चावल एक साथ : जून में तीन माह का चावल एक साथ वितरित होगा


खाद्य विभाग ने मानसून को देखते हुए लिया निर्णय, राज्य भर में 31 मई तक होगा भंडारण

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत हितग्राहियों को एक बड़ी राहत दी है। जून माह में ही जून, जुलाई और अगस्त—तीनों माह का राशन (चावल) एक साथ उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से वितरित किया जाएगा।

भारत शासन के निर्देशानुसार राज्य खाद्य विभाग द्वारा यह निर्णय लिया गया है, जिससे बारिश के मौसम में किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके। खाद्य सुरक्षा अधिनियम और मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के अंतर्गत इस वितरण की व्यवस्था की गई है।

31 मई तक होगा भंडारण
राज्य के सभी उचित मूल्य दुकानों में 31 मई तक चावल का भंडारण कर लिया जाएगा, ताकि एक जून से सुचारु रूप से वितरण शुरू किया जा सके।

चावल उत्सव का आयोजन
सरकार द्वारा विशेष “चावल उत्सव” आयोजित कर तीन माह के चावल का वितरण एक साथ किया जाएगा। इसके अंतर्गत पात्र परिवारों को आधार प्रमाणीकरण के आधार पर राशन मिलेगा।

कलेक्टरों को निर्देश
खाद्य विभाग ने सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि वे सुनिश्चित करें कि वितरण पूरी पारदर्शिता से हो और किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो। सीमावर्ती क्षेत्रों में भी समय-सीमा में वितरण सुनिश्चित करने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *