“सेजेस बेल्हारी में संस्कृत सप्ताह का भव्य समापन , प्रो. दिव्या देशपांडे ने कहा-संस्कार और संस्कृति की भाषा संस्कृत को जीवन में उतारें”

जामगांव आर। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय बेल्हारी में संस्कृत सप्ताह समापन समारोहपूर्वक हुआ। रक्षा बंधन के तीन दिन पूर्व और तीन दिन बाद तक पूरे देश में मनाए जाने वाले संस्कृत सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को विद्यालय सभागार में विविध कार्यक्रम आयोजित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कृत श्लोक, संस्कृत गीत, नाटक और श्रीरामचन्द्र स्तुति से हुआ। विद्यार्थियों ने एक स्वर में भोजन मंत्र का उच्चारण कर अपनी संस्कृत के प्रति गहरी रुचि का प्रदर्शन किया। विद्यालय की शिक्षिकाओं ने रुद्राष्टकम की प्रस्तुति वहीं बच्चों ने संस्कृत में लघु नाट्य सहित सुमधुर गीत और समूह नृत्य प्रस्तुत किया ।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शासकीय संस्कृत महाविद्यालय रायपुर की प्राध्यापिका एवं संस्कृत भारती प्रांत बालकेंद्र प्रमुखा डॉ. दिव्या देशपांडे उपस्थित थीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “संस्कृत वेदों और पुराणों की ही नहीं, बल्कि हमारी दैनिक जीवन की भाषा है। हमें अधिक से अधिक संस्कृत शब्दों का प्रयोग करना चाहिए और इसे जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए,उन्होंने कहा संस्कृत से ही संस्कार और संस्कृति है ।

अध्यक्षीय उद्बोधन में मनीष चंद्राकर, अध्यक्ष शाला प्रबंधन एवं विकास समिति सेजस बेल्हारी, ने कहा कि “सभी बच्चों को भोजन मंत्र बोलकर ही भोजन करना चाहिए, क्योंकि इन मंत्रों में वैज्ञानिकता निहित है,उन्होंने गायत्री महामंत्र की वैज्ञानिकता पर प्रकाश डाला । विशेष अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता हलधर महमल्ला ने संस्कृत श्लोकों का वाचन कर संस्कृत की गरिमा और महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यालय के प्राचार्य योगेंद्र साहू ने कहा कि “संस्कृत भाषा संस्कार और संस्कृति की भाषा है, जिसे सभी को जीवन में अपनाना चाहिए। समापन अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा श्लोक वाचन, संस्कृत गीत पर नृत्य, संस्कृत संभाषण जैसे कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्राचार्य ने सभी अतिथियों और शिक्षकों का आभार व्यक्त कर समारोह का समापन किया।

कार्यक्रम संचालन संस्कृत शिक्षक नरेंद्र साहू ने किया। इस अवसर पर व्याख्याता सांसद प्रतिनिधि यादमल गोलछा, के आर बंसोड़,पुष्पेंद्र साहू, लीलाधर सूर्यवंशी, तृष्णा चक्रवर्ती, कौशर अंजुम, शिबू माला हरी, दीपिशा, पूनम सिंह, खुशबू मिश्रा, वासुदेव नंदन नाग, द्रौपदी साहू, सरस्वती चतुर्वेदी, प्रियंका आनंद, नेहा आनंद सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व विद्यार्थी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *