पाटन में साहू समाज का भव्य तीज महोत्सव : परंपरा और आधुनिकता का संगम-गब्दी की मीरा साहू बनीं तीज क्वीन

पाटन। साहू समाज की महिला प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित भव्य तीज महोत्सव में परंपरा और आधुनिकता का अनूठा संगम देखने को मिला। समाज की हजारों महिलाओं की उपस्थिति में साहू सदन पाटन लोकगीतों की मधुर धुनों और पारंपरिक परिधानों से सराबोर रहा। मंच पर समाज की महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर पहुंचकर तीज पर्व की शोभा बढ़ाई। गब्दी ग्राम की मीरा साहू को “तीज क्वीन” का ताज पहनाया गया। समारोह का शुभारंभ भगवान कृष्ण और माता कर्मा की आरती से हुआ। अतिथि वक्ता जिला पंचायत सभापति श्रद्धा साहू ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाने का संकल्प दिलाया। डॉ. सुमन साहू ने माहवारी के विषय में महिलाओं को खुलकर बात करने और जागरूकता बढ़ाने की अपील की। व्याख्याता हेमलता साहू ने रामचरितमानस में परिवार निर्माण के मूल्यों को आत्मसात करने पर जोर दिया।

तहसील अध्यक्ष दिनेश साहू ने कहा कि यह आयोजन सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि मातृशक्ति को सामाजिक संस्कार, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरित करने का प्रयास है।
कार्यक्रम में देवीश्री साहू, चंद्रिका साहू, दिव्या कलिहारी, कल्पना साहू, मालती साहू और दामिनी साहू ने भी तीज पर्व के महत्व पर विचार रखे।

महोत्सव में रंगोली, व्यंजन, फुगड़ी, नृत्य और प्रहसन प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेताओं को उपहार स्वरूप तीजा का लुगरा प्रदान किया गया। इसके साथ ही डॉ. सुरेश साहू और हिमाचल साहू के संयोजन में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में हजारों लोगों ने मुफ्त स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रोगों की जांच कर परामर्श एवं दवाई दी गई।

कार्यक्रम का संचालन गायत्री साहू एवं खेमलाल साहू ने किया, जबकि स्वागत भाषण सरिता साहू और आभार प्रदर्शन कमलेश्वरी साहू ने दिया। कार्यक्रम में समाज के कई प्रमुख पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *