“भिलाई में डॉ. आंबेडकर प्रतिमा का भव्य अनावरण, ‘जय भीम-नमो बुद्धाय’ के नारों से गूंजा माहौल ! सांसद विजय बघेल ने किया शुभारंभ, कहा—आंबेडकर के विचार हैं समाज के लिए प्रेरणा

मरोदा। भिलाई के वार्ड क्रमांक 13, आम्बेडकर चौक, मरौदा टैंक में भारत रत्न एवं भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर जी की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह “नमो बुद्धाय जय भीम जन कल्याण समिति” के तत्वावधान में श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग सांसद विजय बघेल ने प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान समिति के जिला भाजपा मंत्री शैलेन्द्र शेन्डे ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।

समारोह के दौरान भिलाई के गत म्यूजिक ग्रुप द्वारा धम्म गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि डॉ. आंबेडकर का जीवन और उनके विचार समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को उनकी 135वीं जयंती देश-विदेश में श्रद्धा के साथ मनाई जाती है।
उन्होंने नागरिकों से भिलाई सेक्टर-6 में आयोजित जयंती कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का भी आह्वान किया। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद सविता विधी यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *