रायपुर में आज से सजेगा ‘द लोकल मेकर्स मार्केट-2026’, बस्तर की विश्वविख्यात हस्तशिल्प कला को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

रायपुर में आज से सजेगा ‘द लोकल मेकर्स मार्केट-2026’, बस्तर की विश्वविख्यात हस्तशिल्प कला को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

31 जुलाई से 2 अगस्त तक तीन दिवसीय आयोजन, ‘बस्तर पवेलियन’ में ढोकरा, लौह, काष्ठ शिल्प और जनजातीय कलाकृतियों का होगा भव्य प्रदर्शन

रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से ग्रामोद्योग विभाग के सहयोग से 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक राजधानी रायपुर में ‘द लोकल मेकर्स मार्केट-2026’ का आयोजन किया जाएगा। विधानसभा रोड स्थित द वाहे (The Vaahe) में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में विशेष ‘बस्तर पवेलियन’ स्थापित किया जाएगा, जहां बस्तर की विश्वप्रसिद्ध ढोकरा शिल्प, लौह शिल्प, काष्ठ शिल्प, जनजातीय कलाकृतियों और हाथकरघा उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के पारंपरिक शिल्पकारों और कारीगरों को राष्ट्रीय स्तर का बाजार उपलब्ध कराना तथा उनकी कला को व्यापक पहचान दिलाना है। देशभर के विभिन्न राज्यों से 80 से अधिक हस्तशिल्प उद्यमी और कलाकार इस आयोजन में भाग लेंगे। ग्रामोद्योग विभाग की ओर से 20 विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां स्थानीय शिल्पकारों को खरीदारों, डिजाइन विशेषज्ञों और नए बाजारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

ग्रामोद्योग विभाग के सचिव राजेश सिंह राणा ने कहा कि बस्तर की हस्तशिल्प परंपरा छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर है। राज्य सरकार कारीगरों को उनकी कला के अनुरूप सम्मान और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘बस्तर पवेलियन’ के माध्यम से स्थानीय कलाकारों की उत्कृष्ट कला राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित होगी और उनकी आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार पारंपरिक हस्तशिल्प के संरक्षण, संवर्धन और विपणन को प्राथमिकता देते हुए कारीगरों को आधुनिक बाजार से जोड़ने का कार्य कर रही है। ऐसे आयोजन न केवल स्थानीय उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देंगे, बल्कि छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख हस्तशिल्प और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आयोजन के दौरान आगंतुकों को हस्तशिल्प प्रदर्शनी के साथ लाइव शिल्प प्रदर्शन, कार्यशालाएं, पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। विभाग ने प्रदेशवासियों, कला प्रेमियों, विद्यार्थियों और हस्तशिल्प में रुचि रखने वाले लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर स्थानीय शिल्पकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

कार्यक्रम विवरण

  • आयोजन: द लोकल मेकर्स मार्केट-2026
  • तिथि: 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026
  • समय: दोपहर 12:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक
  • स्थान: द वाहे (The Vaahe), अंबुजा मॉल के सामने, विधानसभा रोड, रायपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *