“जशपुर प्लेन क्रैश की खबर निकली फर्जी ! वायरल वीडियो से फैली अफवाह, प्रशासन की जांच में नहीं मिला कोई सबूत”



जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में कथित प्लेन क्रैश की खबर आखिरकार महज अफवाह साबित हुई है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई इस खबर ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया था, लेकिन प्रशासन और पुलिस की विस्तृत जांच में किसी भी तरह की विमान दुर्घटना के कोई प्रमाण नहीं मिले हैं। दरअसल, सोमवार दोपहर अचानक सोशल मीडिया पर यह खबर फैलने लगी कि आरा पहाड़ क्षेत्र में एक प्राइवेट विमान क्रैश हो गया है। वायरल वीडियो और तस्वीरों में पहाड़ी इलाके से धुआं उठता हुआ दिख रहा था, जिसके बाद लोगों ने इसे विमान दुर्घटना से जोड़ दिया और खबर आग की तरह फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। कलेक्टर रोहित व्यास और एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासनिक टीम ने पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया और ड्रोन की मदद से भी क्षेत्र की बारीकी से जांच की गई।

जांच के दौरान कहीं भी विमान दुर्घटना के कोई निशान या सबूत नहीं मिले। इसके साथ ही प्रशासन ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से भी संपर्क किया, जहां से स्पष्ट जानकारी दी गई कि उस क्षेत्र में किसी भी विमान या हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने या क्रैश होने की कोई सूचना दर्ज नहीं है।दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरें और वीडियो किसी अन्य स्थान के बताए जा रहे हैं, जिनमें एक हेलीकॉप्टर नीचे उड़ता दिख रहा था और पहाड़ी क्षेत्र से धुआं उठता नजर आ रहा था। इन्हीं भ्रामक सामग्रियों के आधार पर प्लेन क्रैश की अफवाह फैल गई। प्रशासन ने अब इन वायरल वीडियो और तस्वीरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्हें किस उद्देश्य से और कहां का बताकर वायरल किया गया। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे बिना पुष्टि के किसी भी खबर को शेयर न करें, ताकि इस तरह की अफवाहों से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *