कांग्रेस का प्रदेशव्यापी आर्थिक नाकेबंदी चक्काजाम आज,दुर्ग जिले में 6 प्रमुख स्थानों पर होगा प्रदर्शन, अडानी परियोजना को लेकर उठाए सवाल

दुर्ग। ईडी की कार्यवाही को पूर्व मुख्यमंत्री एवं एआईसीसी महासचिव भूपेश बघेल और उनके परिवार के खिलाफ “द्वेषपूर्ण और साजिशन” करार देते हुए कांग्रेस पार्टी ने 22 जुलाई मंगलवार को पूरे छत्तीसगढ़ में आर्थिक नाकेबंदी और चक्काजाम की घोषणा की है। दुर्ग जिले में यह विरोध प्रदर्शन छह प्रमुख स्थानों पर आयोजित किया जाएगा।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि चक्काजाम सिरसा गेट भिलाई-3, मिनीमाता चौक पुलगांव दुर्ग, नेहरू नगर चौक भिलाई (ढिल्लन होटल के पास), जामुल एसीसी बोगदा, सेलूद चौक (पाटन), और महामाया गेट (धमधा) दुर्ग-बेमेतरा मार्ग पर किया जाएगा।

जिलाध्यक्ष ठाकुर ने आरोप लगाया कि विधानसभा सत्र के अंतिम दिन जब भूपेश बघेल रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में अडानी समूह की कोयला खदान परियोजना और उससे जुड़ी पेड़ कटाई का मुद्दा उठाने वाले थे, ठीक उसी दिन उनके घर ईडी का छापा पड़ा। उन्होंने कहा कि यह पूरी कार्यवाही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह द्वारा “अपने आका अडानी को खुश करने की नीयत” से करवाई गई है। उन्होंने आगे कहा कि “यह केवल भूपेश बघेल की लड़ाई नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, जल-जंगल-जमीन और जनता के भविष्य की लड़ाई है। हम यह संदेश देना चाहते हैं कि कोई भी ताकत छत्तीसगढ़ महतारी की ओर आंख उठाकर नहीं देख सकता।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *