98वें दिन भी नहीं थमा डीएड अभ्यर्थियों का संघर्ष: घुटनों के बल प्रदर्शन, जल समाधि की कोशिश; 10 हिरासत में, कई घायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में 2300 चयनित डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन मंगलवार को 98वें दिन भी जारी रहा। रायपुर में अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर धरने पर बैठे अभ्यर्थियों ने इस बार विरोध का अनोखा और भावुक तरीका अपनाया। अभ्यर्थी घुटनों के बल चलकर सरकार से जल्द नियुक्ति देने की गुहार लगाते नजर आए। इस दौरान कई अभ्यर्थियों के घुटने छिल गए और खून निकलने लगा। कुछ के पैरों में गंभीर फोड़े भी हो गए, लेकिन इसके बावजूद उनका हौसला नहीं टूटा और प्रदर्शन लगातार जारी रहा।

जल समाधि की कोशिश से मचा हड़कंप
आंदोलन को तेज करते हुए कुछ अभ्यर्थियों ने तूता धरना स्थल के पास स्थित तालाब में उतरकर जल समाधि लेने की कोशिश की। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों और साथियों ने समय रहते उन्हें बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

4 घायल, 10 अभ्यर्थी हिरासत में
प्रदर्शन के दौरान रुखमणि, मोना, संजय कश्यप और सुधा समेत चार अभ्यर्थी घायल हो गए। वहीं पुलिस ने 10 अभ्यर्थियों को मेडिकल जांच के बहाने हिरासत में लेकर अभनपुर थाना पहुंचाया। बाद में उनके खिलाफ बीएनएसएस की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए सेंट्रल जेल भेज दिया गया।

लंबे समय से जारी है आंदोलन
बताया जा रहा है कि 2300 चयनित डीएड अभ्यर्थी पिछले कई महीनों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं की जा रही है, जिससे उनमें निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

सरकार से तत्काल नियुक्ति की मांग
अभ्यर्थियों की मांग है कि चयनित 2300 पदों पर तुरंत नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाए। उनका कहना है कि यह केवल नौकरी का मुद्दा नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के भविष्य और सम्मान से जुड़ा सवाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *