पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष की पत्नी से अभद्रता मामले में कांग्रेस नेता मोनू साहू सहित तीन गिरफ्तार, बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष की पत्नी से अभद्रता मामले में कांग्रेस नेता मोनू साहू सहित तीन गिरफ्तार, बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

महिला ने अश्लील गाली-गलौज, आपत्तिजनक इशारे और जान से मारने की धमकी देने का लगाया आरोप

पाटन। अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम अमलेश्वरडीह में पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष उमेश साहू की पत्नी के साथ कथित अभद्रता, अश्लील इशारे और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 जून 2026 की रात लगभग 11 बजे पीड़िता अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान कार क्रमांक सीजी 04 एनई 8055 में सवार होकर कुछ लोग उसके निवास के सामने पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज करने लगे। घर की घंटी बजने पर जब महिला बाहर निकली तो आरोप है कि पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस नेता मोरध्वज साहू उर्फ मोनू साहू, दीपक वर्मा तथा जय साहू ने उसके पति के संबंध में पूछताछ करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने अश्लील गालियां दीं, आपत्तिजनक इशारे किए तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों ने घर में प्रवेश करने का प्रयास किया। घटना के दौरान महिला के पति उमेश साहू के बाहर आने पर उन्हें भी कथित रूप से धमकाया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अमलेश्वर पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 333, 296, 351(3), 79 एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

• विवादों से पुराना नाता, फिर पहुंचे जेल

स्थानीय स्तर पर यह मामला राजनीतिक चर्चाओं का विषय बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी मोरध्वज साहू उर्फ मोनू साहू और उमेश साहू के बीच पूर्व में भी विवाद की स्थिति निर्मित हो चुकी है। बताया जाता है कि इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच हुए विवादों को लेकर कानूनी कार्रवाई हो चुकी है। इसके पूर्व रायपुर के पत्रकार के साथ मारपीट के मामले में भी उन्हें जेल की हवा खानी पड़ी थी।हालांकि, वर्तमान प्रकरण में पुलिस जांच और न्यायालयीन प्रक्रिया के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच नियमानुसार जारी है तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *