
दुर्ग। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज 15 अगस्त 2026 को ‘मानस दर्शन जीवन अर्पण छत्तीसगढ़’ के ऑनलाइन पटल पर विशाल ‘मानस राष्ट्र आराधन’ महापर्व का आयोजन किया जा रहा है । राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति और श्रीरामचरितमानस के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस अभिनव कार्यक्रम में देशभर से मानस प्रेमी, साहित्यप्रेमी, कलाकार एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े प्रतिभागी ऑनलाइन सहभागिता करेंगे। आयोजन के माध्यम से गीत, कविता, वक्तव्य एवं मानस की चौपाइयों के जरिए राष्ट्रप्रेम, मातृभूमि के प्रति समर्पण तथा भारतीय संस्कृति के गौरव का संदेश दिया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व पर आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं एवं नई पीढ़ी को देशभक्ति और संस्कारों से जोड़ने की दिशा में एक विशेष पहल के रूप में देखा जा रहा है। बताया गया आज रात्रि 7.30 से कार्यक्रम शुरू होगा कुल 32 प्रतिभागी इसमें ऑनलाइन प्रस्तुति देंगे। आज की शाम वीर शहीदों के नाम से कार्यक्रम का लिंक जारी कर दिया गया है, नीचे दिए लिंक से जुड़कर कोई भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बन सकता है https://us06web.zoom.us/j/82944388915?pwd=U4WoJB2bWkpBOg8H8MWlijpj9qYvph.1
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से प्रतिभागी अपनी प्रस्तुति देंगे। दुर्ग जिले से श्री नीलकंठ ठाकुर, श्री के.के. सिन्हा, श्रीमती नूतन साहू, पुनेश्वर साहू, युवा स्वर के रूप में हितेंद्र कुमार साहू, श्री संदीप ठाकुर,श्री मनीष चंद्राकर राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत संदेश एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से सहभागिता करेंगे। आयोजन से जुड़े पुनेश्वर साहू ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र को समर्पित इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल ऑनलाइन प्रस्तुति देना नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, श्रीरामचरितमानस के जीवन मूल्यों और राष्ट्रभक्ति की भावना को समाज तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ‘मानस राष्ट्र आराधन’ के माध्यम से देश के प्रति प्रेम, कर्तव्य और समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मानस पथिक शिक्षक हितेंद्र साहू ने कहा कि श्रीरामचरितमानस भारतीय जीवन-दर्शन, मर्यादा, त्याग, सेवा और कर्तव्यबोध की प्रेरणा देता है। जब इन मूल्यों को राष्ट्रप्रेम से जोड़ा जाता है तो नई पीढ़ी में संस्कार और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना और मजबूत होती है। स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले इस ऑनलाइन महापर्व को लेकर मानस प्रेमियों एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े प्रतिभागियों में उत्साह है। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम से जुड़कर राष्ट्र आराधना के इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है।