
कुम्हारी थाना क्षेत्र में हुआ हादसा, स्कूटी पर सवार थे पांच लोग; एक वर्षीय बच्चे का अस्पताल में इलाज जारी
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं और दो मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना कुम्हारी थाना क्षेत्र की है। मृतक सभी दुर्ग जिले के उतई निवासी बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच दुर्ग से रायपुर जाने वाली लेन पर हुआ। स्कूटी क्रमांक CG 07 DE 5847 पर बच्चों सहित कुल पांच लोग सवार थे। इसी दौरान आगे चल रहे ट्रैक्टर ने अचानक ब्रेक लगा दी। पीछे से आ रही स्कूटी समय रहते नहीं रुक सकी और ट्रैक्टर के पिछले हिस्से से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पर सवार सभी लोग सड़क पर जा गिरे।
हादसे में दो महिलाओं और दो मासूम बच्चियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर के अचानक ब्रेक लगाने और स्कूटी पर क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और दोपहिया वाहनों पर निर्धारित संख्या से अधिक सवारी नहीं बैठाने की अपील की है, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।