सीएम हेल्पलाइन 1076 के संचालन हेतु अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण, कलेक्टर अभिजीत सिंह बोले -शासन और जनता के बीच मजबूत सेतु बनेगी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन

सीएम हेल्पलाइन 1076 के संचालन हेतु अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण, कलेक्टर अभिजीत सिंह बोले -शासन और जनता के बीच मजबूत सेतु बनेगी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन

दुर्ग। आम नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण के उद्देश्य से शुरू की जा रही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के प्रभावी संचालन के लिए मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर अभिजीत सिंह की उपस्थिति में अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। सुशासन अभिसरण विभाग के सलाहकार अनुराग दीवान ने प्रेजेंटेशन के जरिए अधिकारियों को शिकायत दर्ज करने से लेकर निराकरण और फीडबैक प्रक्रिया तक की पूरी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से प्रदेश का कोई भी नागरिक 24 घंटे सातों दिन टोल फ्री नंबर, वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगा। शिकायत दर्ज होने पर आवेदक को टोकन नंबर दिया जाएगा और संबंधित विभाग को निर्धारित समय सीमा में निराकरण करना होगा। यदि शिकायत गलत विभाग में दर्ज होती है तो उसे तीन दिनों के भीतर संबंधित विभाग को ट्रांसफर करना अनिवार्य होगा।
शिकायतकर्ता की संतुष्टि पर ही होगा निराकरण पूर्ण
प्रशिक्षण में बताया गया कि शिकायत के समाधान के बाद संबंधित नागरिक से फीडबैक लिया जाएगा। शिकायतकर्ता के संतुष्ट होने पर ही शिकायत का निराकरण पूर्ण माना जाएगा। यदि आवेदक असंतुष्ट रहता है तो शिकायत स्वतः पुनः सक्रिय हो जाएगी। पूरी प्रक्रिया तकनीक आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम से जुड़ी रहेगी, जिसकी निगरानी मुख्यमंत्री कार्यालय और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाएगी।

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन योजना शासन और आम जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करेगी। इससे लोगों को विभिन्न विभागों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और प्रशासनिक जवाबदेही बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली की तरह यह व्यवस्था भी समय के साथ और अधिक प्रभावी साबित होगी।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर वीरेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती योगिता देवांगन, जिला पंचायत सीईओ बजरंग दुबे, नगर निगम दुर्ग आयुक्त सुमित अग्रवाल, रिसाली आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा, चरोदा आयुक्त दशरथ राजपूत, संयुक्त कलेक्टर हरवंश सिंह मिरी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सिल्ली थॉमस, एसडीएम सोनाल डेविड, एसडीएम महेश राजपूत, डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव, सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *