
कर्तव्य पालन के दौरान 22 मई 2012 को दिया था सर्वोच्च बलिदान, विद्यालय परिवार ने वीर सपूत की शहादत को याद करने के लिए किया आमंत्रित
जामगांव आर। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर देश और समाज की सुरक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले क्षेत्र के वीर शहीद आरक्षक थानसिंह ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इस अवसर पर स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय, सेजेस जामगांव आर के परिसर में 21 अक्टूबर 2026, बुधवार को सुबह 10 बजे स्मरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जानकारी के अनुसार शहीद थानसिंह ठाकुर इसी विद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं। उन्होंने देश एवं समाज की सुरक्षा करते हुए कर्तव्य पालन के दौरान 22 मई 2012 को अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी वीरता, अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति को नमन करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
विद्यालय प्रबंधन ने क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और पूर्व विद्यार्थियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित करने की अपील की है। विद्यालय की प्राचार्य कविता साहू एवं समस्त शाला परिवार ने नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागी बनने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि अपने बीच से निकले वीर सपूत को याद करना और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेना हम सभी के लिए गौरव का विषय है।