‘एक देश, एक विधान’ के पुरोधा को श्रद्धांजलि : जामगांव आर में भाजपाइयों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती मनाई

जामगांव आर। भारतीय जनता पार्टी जामगांव आर मंडल द्वारा जनसंघ के संस्थापक, महान राष्ट्रभक्त और भारत माता के सच्चे सपूत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. मुखर्जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू ने डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान और अखंड भारत की संकल्पना पर विस्तार से प्रकाश डाला। मंडल महामंत्री निर्मल जैन ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का संपूर्ण जीवन “एक देश, एक विधान, एक प्रधान” के लिए समर्पित था। वहीं मंडल महामंत्री पूर्णेन्द्र सिन्हा ने उन्हें आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्त्रोत बताते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। वरिष्ठ पत्रकार आसकरण जैन ने डॉ. मुखर्जी के शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्रहित में किए गए उल्लेखनीय योगदान को रेखांकित किया। पूर्व सरपंच कन्हैया लाल साहू ने डॉ. मुखर्जी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके बलिदान को देश के लिए अमूल्य बताया।

कार्यक्रम का संचालन अंगेश्वर साहू ने किया एवं अंत में मंडल कोषाध्यक्ष अरुण चंद्राकर ने सभी आगंतुकों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय अध्यक्ष नरेश केला, बेनीराम साहू, किशोर साहू, शैलेन्द्र मंडावी, मुकेश साहू, मेंघनाथ सागरवंशी, मनीष जैन, सीताराम साहू, हर्ष साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *