अम्बिकापुर। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को सरगुजा संभाग मुख्यालय अम्बिकापुर में आयोजित “मोर आवास मोर अधिकार” कार्यक्रम में शामिल हुए। इस भव्य आयोजन की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पूर्ण हो चुके 51 हजार आवासों की चाबियां हितग्राहियों को सौंपी गईं। साथ ही भूमिपूजन कर नए आवासों की स्वीकृति भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा, “हमारा संकल्प है कि देश का कोई भी गरीब अब कच्चे मकान में न रहे।” उन्होंने बताया कि राज्य में पात्र हितग्राहियों को आवास स्वीकृत कर दिए गए हैं और सर्वे के जरिए शेष जरूरतमंदों को भी योजना का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर अमृत सरोवर पोर्टल का शुभारंभ किया गया और उत्कृष्ट कार्य करने वाली लखपति दीदियों एवं स्व-सहायता समूहों को सम्मानित किया गया। श्री चौहान ने कहा कि लखपति दीदी योजना के तहत छत्तीसगढ़ में तीन लाख महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं, और लक्ष्य है चार लाख लखपति दीदियों का।
खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय मंत्री ने जानकारी दी कि 29 मई से 12 जून तक कृषि वैज्ञानिक गांव-गांव पहुंचकर किसानों को परामर्श देंगे। उन्होंने बताया कि धान की फसल छत्तीसगढ़ में ₹3100 प्रति क्विंटल में खरीदी जा रही है, जो किसानों के हित में एक बड़ा कदम है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि उनकी सरकार ने सत्ता संभालते ही 18 लाख आवासों को स्वीकृति दी है। उन्होंने सभी पात्रों से 15 मई तक आवास प्लस-प्लस सर्वे में नाम दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि अब कई प्रकार की छूट देकर योजना की पात्रता का दायरा बढ़ाया गया है।
प्रदेश में सुशासन तिहार की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि आम जनता की समस्याओं के समाधान हेतु तीन चरणों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें वे स्वयं और मंत्रीगण भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जल्द ही नक्सलमुक्त राज्य बनेगा।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना की सराहना करते हुए कहा कि इसने लाखों परिवारों को सुरक्षित और स्थायी आवास देकर उनके जीवन में स्थायित्व और सम्मान लौटाया है।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।