पाटन । पाटन ब्लॉक अंतर्गत ग्राम झीट के युवा खिलाड़ी यशवंत यादव ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2025 में खो-खो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीतकर अपने गांव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बिहार में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में यशवंत की टीम ने कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, पंजाब और बिहार जैसी मजबूत टीमों को पराजित करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया, जहां रोमांचक मुकाबले में महाराष्ट्र की टीम से मात्र 3 अंकों से हारकर उपविजेता रही।
यशवंत की इस सफलता की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे झीट गांव में उत्साह का माहौल बन गया। जब वे अपने गृह ग्राम लौटे, तो ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, पटाखों और फूल मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया। पूरे गांव में विजय रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर ग्राम के वरिष्ठजन अलख सिन्हा, सरपंच राजू साहू, यशवंत सिन्हा, डॉ. मोहन लाल साहू, अनिल दास मणिकपुरी, वीरेंद्र सिंगोर, सुदामा ठाकुर, संतोष पटेल, राजेश्वर सिन्हा, गोपेन्द्र सिन्हा, विनय पटेल, सूरज ठाकुर, रविकांत कौशिक, गिरीश कौशिक, मुकेश पटेल, कुम्लेश सिन्हा, नरोत्तम राहुल ठाकुर, राहुल सिन्हा, आदित्य सिन्हा तथा एडवेंचर क्लब के प्रशिक्षक चेतन यादव, डिगेश साहू, खिलेश साहू, भूपेश सिन्हा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हाई स्कूल झीट की प्राचार्या भारती दुबे एवं समस्त शाला परिवार ने यशवंत को बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने इस अवसर को गांव के लिए गौरव का क्षण बताया और यशवंत को आने वाले समय में स्वर्ण पदक विजेता बनने की शुभकामनाएं दीं।