रायपुर। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों को आवास देने के लिए बड़ी राशि दी, लेकिन राज्य सरकार की निष्क्रियता के कारण हजारों परिवार घर पाने से वंचित रह गए।
रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में शिवराज सिंह ने कहा कि पिछली सरकारें केवल कागजों में योजनाएं बनाती रहीं लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हुआ। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया कि पंचायतों को प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए धन तो मिला, लेकिन गरीबों को घर नहीं दिए गए। “जो गरीबों को घर नहीं देता, वह पाप करता है,” ऐसा बयान देते हुए शिवराज ने कांग्रेस पर सीधा हमला किया।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के लिए 8.47 लाख आवासों की स्वीकृति दी थी, जिनमें से अब तक केवल 6 लाख घरों का निर्माण हो पाया है। शेष निर्माण को राज्य सरकारों की लापरवाही से जोड़ा गया।शिवराज ने स्पष्ट किया कि मोदी सरकार के पास फंड की कोई कमी नहीं है। छत्तीसगढ़ में पीएम आवास योजना के तहत 32 लाख से अधिक परिवारों को मकान देने की योजना थी, लेकिन कांग्रेस सरकार की उदासीनता से कई पात्र लोग वंचित रह गए।
उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार ने बीते तीन वर्षों में 355 करोड़ रुपये छत्तीसगढ़ को आवंटित किए, जिनसे 2,900 से अधिक सरोवर और 447 पुलों का निर्माण हुआ। जल संरक्षण और सिंचाई योजनाओं के तहत 192 स्थानों पर कार्य हो चुका है। कार्यक्रम में उन्होंने ‘जयश्री’ ब्रांड के लघु वनोपज उत्पादों का प्रदर्शन करते हुए राज्य की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रमुखता दी।
संपादकीय टिप्पणी:–
प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे महत्वाकांक्षी कार्यक्रम की सफलता राज्य सरकारों की तत्परता पर भी निर्भर करती है। यदि वास्तव में गरीबों को उनका हक नहीं मिला, तो यह शासन तंत्र की बड़ी विफलता है।