भिलाई में सांसद खेल महोत्सव ट्रॉफी का अनावरण — सांसद विजय बघेल ने युवाओं को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने अपील की

दुर्ग। आगामी 25 दिसम्बर को सम्पन्न होने वाले सांसद खेल महोत्सव की ट्रॉफी का अनावरण बुधवार को होटल मोदक, भिलाई में किया गया। इस अवसर पर दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, विधायक डोमन लाल कोरसेवाड़ा, विधायक रिकेश सेन एवं विधायक सांवला राम डाहरे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मौके पर सांसद विजय बघेल ने कहा—“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ अभियान से प्रेरित होकर सांसद खेल महोत्सव का आयोजन युवाओं में खेल भावना और राष्ट्रीय गर्व की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए किया जा रहा है। गांवों और कस्बों से निकलने वाले खिलाड़ी आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार होता है। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, एकता और दृढ़ता का संदेश देते हैं।

सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक एवं राजेश चंद्राकर ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण अंचल के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच प्रदान करना है, जिससे वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।।कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू, कमलेश चंद्राकर, ज्योतिप्रकाश साहू सहित भाजपा नेतागण,अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *