उतई। उतई पुलिस ने मोटर साइकिल चोरी की घटनाओं में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल सात चोरी की मोटर साइकिलें बरामद की हैं। पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर थाना उतई पुलिस एवं एसआईटी टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह कामयाबी मिली। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राजन डहरे, अर्जुन कोरेस, महेन्द्र कुमार माण्डले और तरूण कुमार नागरे शामिल हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग मोटर साइकिल से उतई क्षेत्र में घूम रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को हिरासत में लिया और कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने दुर्ग, रायपुर एवं अन्य जिलों से वाहन चोरी करना स्वीकार किया। बरामद मोटर साइकिलों में प्लेटिना, एक्टिवा, टीवीएस स्पोर्ट्स, डिस्कवर और बजाज पल्सर जैसी गाड़ियां शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में निरीक्षक शिव चंद्रा,उप निरीक्षक प्रमोद सिन्हा, कमल सेंगर, भीष्म नारायण साहू,सुरेश पांडेय सहित पुलिस एवं एसआईटी टीम का विशेष योगदान रहा।