2 सितंबर को रायपुर आएंगे उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, एम्स के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल; मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा की

2 सितंबर को रायपुर आएंगे उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, एम्स के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल; मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा की

रायपुर,20 अगस्त 2026। भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन के 2 सितंबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित बैठक में उपराष्ट्रपति के प्रवास से संबंधित सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, चिकित्सा, स्वागत तथा कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। उल्लेखनीय है कि उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन 2 सितंबर को रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स रायपुर) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।

मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप होंगी व्यवस्थाएं

मुख्य सचिव श्री विकासशील ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल एवं मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक तथा वापसी के दौरान एंट्री-एग्जिट प्लान को बेहतर समन्वय के साथ अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने एयरपोर्ट पर स्वागत व्यवस्था, रिसेप्शन लाइन तथा एम्स में रिसेप्शन सहित अन्य प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं के लिए रायपुर कलेक्टर को आवश्यक निर्देश दिए। एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पुलिस की पर्याप्त तैनाती तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

सुरक्षा, चिकित्सा और विद्युत व्यवस्था पर विशेष जोर

मुख्य सचिव ने गृह विभाग को उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं तथा आकस्मिक चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल एवं प्राप्त डायस प्लान के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के प्रारंभ में वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान सहित निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

मुख्य सचिव ने एम्स प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों को दीक्षांत समारोह के आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को बेहतर समन्वय के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्री श्याम धावड़े, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के संयुक्त सचिव मयंक अग्रवाल, सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव श्रीमती अंशिका पांडेय, रायपुर कलेक्टर, आईजी रायपुर, एम्स रायपुर के चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *