बिहार राज्यसभा चुनाव में एनडीए की जीत के ‘गेम चेंजर’ बने विजय शर्मा, रणनीति से दिलाई बढ़त

रायपुर। बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए हुए द्विवार्षिक चुनाव में भाजपा नीत एनडीए ने शानदार जीत दर्ज की। इस जीत में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री Vijay Sharma की भूमिका अहम मानी जा रही है। उन्हें चुनाव के लिए भाजपा का पर्यवेक्षक बनाया गया था और उन्होंने पटना में रहकर चुनावी रणनीति और समन्वय की जिम्मेदारी संभाली। बताया जा रहा है कि राजद द्वारा छठे उम्मीदवार को मैदान में उतारने से बिहार की राजनीति में नए समीकरण बन गए थे। ऐसे हालात में विजय शर्मा ने एनडीए के घटक दलों के बीच लगातार संवाद और बैठकें कर गठबंधन की एकजुटता बनाए रखी। उन्होंने भाजपा और सहयोगी दलों के विधायकों के साथ रणनीतिक बैठकों के जरिए चुनावी प्रबंधन को अंतिम समय तक संभाले रखा। चुनाव से पहले ही विजय शर्मा ने भरोसा जताया था कि एनडीए अपने संख्या बल और मजबूत रणनीति के दम पर सभी सीटों पर जीत हासिल करेगा। परिणाम आने के बाद यह दावा सही साबित हुआ और एनडीए ने सभी पांचों सीटों पर जीत दर्ज की।

नितिन नवीन को बधाई

बिहार से राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष Nitin Nabin को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन में उनका दीर्घ अनुभव, वैचारिक स्पष्टता और कार्यकर्ताओं से आत्मीय जुड़ाव हमेशा प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्यसभा में उनका नेतृत्व राष्ट्रहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएगा और विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देगा। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष Kiran Dev ने भी नितिन नवीन को बधाई देते हुए कहा कि राज्यसभा के लिए उनका चयन संगठन के प्रति समर्पण, कुशल रणनीति और कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनका अनुभव संसद में पार्टी और देश के हित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *