धमतरी। जिले के मगरलोड ब्लॉक में वन विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां विभाग के डिप्टी रेंजर पर भ्रष्टाचार, अवैध पेड़ कटाई और जमीन कब्जे के आरोप लगे हैं। ग्राम सोनपैरी के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि मोहंदी परिक्षेत्र में पदस्थ डिप्टी रेंजर मुकुंद राव वाहने ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए हजारों पेड़ों की अवैध कटाई करवाई है। इसके साथ ही करीब 75 एकड़ घास एवं आबादी भूमि पर अवैध कब्जा करने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है, जिसे ग्रामीण पूरी तरह गैरकानूनी बता रहे हैं।शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि बिना अनुमति जंगल के भीतर सड़क निर्माण और भारी मशीनों से खुदाई कराई गई, जिससे जंगल में गहरी खाइयां बन गई हैं। इससे न केवल पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ा है, बल्कि वन्य जीवों के लिए भी खतरा उत्पन्न हो गया है।
ग्रामीणों ने कहा कि जिन अधिकारियों पर जंगलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, उन्हीं पर नियमों के उल्लंघन के आरोप लगना बेहद चिंताजनक है। स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने के कारण ग्रामीणों को कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिकायत दर्ज करानी पड़ी। ग्रामीणों और ग्राम समिति के सदस्यों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, जांच पूरी होने तक संबंधित क्षेत्र में निर्माण और खुदाई कार्यों पर तत्काल रोक लगाने की भी मांग की गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया है और उच्च अधिकारियों से रिपोर्ट मंगाने की बात कही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की अवैध कटाई और खुदाई से जैव विविधता, जल स्रोतों और मिट्टी की गुणवत्ता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि समय पर कार्रवाई नहीं होने पर वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे