
पाटन। जनपद पंचायत पाटन के क्षेत्र क्रमांक-4 के उपचुनाव के लिए सोमवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। भीषण गर्मी को देखते हुए मतदाताओं ने सुबह से ही मतदान केंद्रों का रुख कर लिया। ग्राम पहंदा (अ) सहित विभिन्न मतदान केंद्रों में सुबह के समय ही लंबी कतारें देखने को मिलीं। ग्राम पहंदा (अ) से सामने आई तस्वीरों में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए उत्साहपूर्वक लाइन में खड़े नजर आए। निर्वाचन आयोग द्वारा मतदान केंद्रों में पेयजल, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोपहर में तापमान बढ़ने की संभावना को देखते हुए अधिकांश मतदाता सुबह ही मतदान करने पहुंच रहे हैं। मतदान केंद्रों में युवा मतदाताओं के साथ-साथ बुजुर्गों में भी विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
गौरतलब है कि जनपद सदस्य पद के इस उपचुनाव में भाजपा समर्थित सुरेंद्र साहू, कांग्रेस समर्थित उर्वशी साहू, जोहार पार्टी के भूपेंद्र साहू तथा निर्दलीय चंदन सिंगोंर मैदान में हैं। क्षेत्र के कुल 5,777 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जा रहे इस चुनाव पर पूरे पाटन क्षेत्र की नजरें टिकी हुई हैं। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना में यह स्पष्ट हो सकेगा कि मतदाताओं ने किस प्रत्याशी पर सबसे अधिक भरोसा जताया है। फिलहाल सुबह के शुरुआती घंटों में मतदान को लेकर मतदाताओं का उत्साह चुनावी माहौल को और गर्माता नजर आ रहा है।