
रायपुर, 30 जुलाई। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में लंबे समय से प्रतीक्षित शिक्षक भर्ती प्रक्रिया ने अब गति पकड़ ली है। सहायक शिक्षक भर्ती के बाद लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने शिक्षकों के 1654 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आदेश जारी कर दिया है। इन पदों के लिए परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित की गई है, जिसका आयोजन छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (व्यापमं) करेगा। भर्ती राज्य के ई-संवर्ग और टी-संवर्ग दोनों के लिए होगी। ई-संवर्ग के शिक्षक स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत आते हैं, जबकि टी-संवर्ग के शिक्षक आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग (ट्राइबल डिपार्टमेंट) के अधीन कार्यरत होंगे।
अंग्रेजी और संस्कृत के सर्वाधिक पद
डीपीआई द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार कुल 1654 पदों में सबसे अधिक भर्ती अंग्रेजी और संस्कृत विषय में की जाएगी। अंग्रेजी विषय के लिए 504 पद और संस्कृत के लिए 300 पद निर्धारित किए गए हैं। इस प्रकार केवल इन दो विषयों में 804 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी, जो कुल रिक्तियों का लगभग आधा हिस्सा है। इसके अलावा अन्य विषयों में भी भर्ती की जाएगी।
विषयवार रिक्त पद
- अंग्रेजी – 504
- संस्कृत – 300
- हिंदी – 250
- गणित – 250
- सामाजिक विज्ञान – 250
- कृषि – 100
सहायक शिक्षक भर्ती के बाद अगला चरण
कुछ दिन पहले ही स्कूल शिक्षा विभाग ने सहायक शिक्षक के 2292 पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। इनमें 795 पद ई-संवर्ग तथा 1497 पद टी-संवर्ग के लिए निर्धारित किए गए हैं। अब शिक्षकों के 1654 पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से राज्य में कुल 3946 पदों पर सीधी भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। इससे हजारों बेरोजगार प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को सरकारी स्कूलों में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।
शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा बल
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का मानना है कि अंग्रेजी, संस्कृत, गणित और सामाजिक विज्ञान जैसे प्रमुख विषयों में बड़ी संख्या में नियुक्तियां होने से माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के स्कूलों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है। विभाग जल्द ही विस्तृत विज्ञापन, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, परीक्षा केंद्रों और अन्य दिशा-निर्देशों की घोषणा करेगा। अभ्यर्थियों को व्यापमं की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखने की सलाह दी गई है।