रायपुर। नए वक्फ विधेयक 2025 के तहत केंद्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में वक्फ संपत्तियों का सर्वे कराया जा रहा है। इसी बीच छत्तीसगढ़ में एक बड़ा घोटाला सामने आया है, जहां 500 करोड़ रुपए से अधिक की वक्फ संपत्तियों की फर्जी रजिस्ट्री की गई है। वक्फ बोर्ड ने इस मामले में 400 से ज्यादा लोगों को नोटिस जारी किया है।
वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और एसएसपी लाल उमेंद सिंह को पत्र लिखकर 21 दिनों के भीतर कार्रवाई की मांग की है। डॉ. राज ने बताया कि रायपुर की हलवाई लाइन और मालवीय रोड जैसी प्रमुख जगहों पर करोड़ों की जमीनें फर्जी नामों पर रजिस्ट्री कराई गई हैं, जिसमें लक्ष्मी इलेक्ट्रिकल्स, ए-टू-जेड बेकरी, पगारिया ज्वेलर्स समेत 14 प्रतिष्ठान शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि वक्फ की आय बढ़ाने और अवैध कब्जे हटाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। बेदखली की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।